News Aazad Bharat

भोपाल बना एमडी ड्रग्स का हॉटस्पॉट

ऑटो से करते थे एमडी ड्रग्स की सप्लाई, भोपाल में क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार

भोपाल में नशे के कारोबार पर एक बार फिर पुलिस ने करारा प्रहार किया है। क्राइम ब्रांच भोपाल ने ऑटो के जरिए एमडी ड्रग्स की सप्लाई कर रहे दो आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ते हुए 3.01 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्त की है। यह कार्रवाई नेहरू नगर क्षेत्र में की गई, जिससे शहर में सक्रिय ड्रग नेटवर्क पर बड़ा झटका लगा है।

ऑटो बना था नशे की सप्लाई का जरिया
जांच में सामने आया है कि आरोपी ऑटो का इस्तेमाल एमडी ड्रग्स की तस्करी और सप्लाई के लिए कर रहे थे, ताकि किसी को शक न हो। आरोपी विज्ञान भवन के पास ऑटो में बैठकर ग्राहक का इंतजार कर रहे थे और मौके पर ही नशे की खेप सौंपने की तैयारी थी।

मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई
क्राइम ब्रांच को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिलने के बाद तत्काल टीम गठित की गई। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर ऑटो में बैठे दोनों युवकों को रोका और स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में तलाशी ली।

3.01 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्त, एनडीपीएस एक्ट में केस
तलाशी के दौरान एक आरोपी के पास से 1.02 ग्राम और दूसरे के पास से 1.99 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की गई। कुल 3.01 ग्राम एमडी ड्रग्स, मोबाइल फोन और ऑटो वाहन जब्त कर दोनों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है।

करीब 2 लाख रुपये की मशरूका जब्ती
पुलिस के अनुसार जब्त मादक पदार्थ और वाहन की कुल कीमत लगभग 2 लाख रुपये आंकी गई है। मामले में आगे की कड़ियां जोड़ने के लिए आरोपियों से पूछताछ जारी है।
पुलिस का कहना है कि शहर में नशे के अवैध कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे। ड्रग्स की तस्करी और बिक्री में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Loading spinner

Leave a Comment