रिपोर्ट अंकित तिवारी
बस्ती जिले के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र अंतर्गत पचपेड़िया रोड पर रविवार शाम करीब 4 बजे दर्दनाक हादसा हो गया। कबाड़ बीनने गईं दो नाबालिग बच्चियां खंभे से लटके बिजली के तार की चपेट में आ गईं, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, कांशीराम आवास विकास कॉलोनी निवासी 10 वर्षीय काजल (पुत्री मौलबी) और 12 वर्षीय करिश्मा (पुत्री अर्जुन) रोज की तरह कूड़ा बीनने निकली थीं। पचपेड़िया रोड के किनारे एक बिजली के खंभे से तार नीचे लटक रहा था। कूड़े के ढेर में हाथ डालते ही एक बच्ची को करंट लग गया। उसे बचाने के प्रयास में दूसरी बच्ची भी करंट की चपेट में आ गई। दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना देख आसपास के लोगों ने शोर मचाया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चियों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मासूमों की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिजली विभाग की लापरवाही के चलते यह हादसा हुआ। जिस स्थान पर घटना हुई, वहां लंबे समय से तारों का जाल फैला हुआ था और बारिश या नमी के दौरान अक्सर स्पार्किंग होती रहती थी। लोगों ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने की मांग की है।