पुलिस कर्मी पर पीड़ित परिवार कर रहा एफआईआर की मांग
भोपाल के अंबेडकर नगर इलाके में नववर्ष के दौरान बम चलाने को लेकर हुए विवाद का मामला अब गंभीर मोड़ ले चुका है। इस घटना से जुड़ा एक वीडियो लगातार सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा था, जिसमें झगड़े और मारपीट के दृश्य सामने आए थे। वायरल वीडियो के बाद मामला पुलिस के संज्ञान में आया, लेकिन इससे पहले ही विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि 5 युवकों ने एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया घायल युवक को परिजन तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई थी। डॉक्टरों की लगातार कोशिशों के बावजूद आज इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। युवक की मौत की खबर फैलते ही इलाके में तनाव का माहौल बन गया और परिजनों में भारी आक्रोश देखने को मिला।
मृतक युवक के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि मारपीट करने वाले आरोपियों के साथ पुलिस लाइन में रहने वाली एक महिला पुलिसकर्मी भी मौजूद थी और उसने भी उनके बेटे के साथ मारपीट की। परिजनों का कहना है कि यदि समय रहते निष्पक्ष कार्रवाई होती तो उनके बेटे की जान बच सकती थी वहीं पुलिस का कहना है कि इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मारपीट में शामिल पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वायरल वीडियो, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है महिला पुलिसकर्मी पर लगे आरोपों को लेकर पुलिस का कहना है कि यह मामला जांच के दायरे में है। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित के खिलाफ भी नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर आगे की जांच शुरू कर दी है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।