भोपाल। देश में रेल नेटवर्क को मजबूत करने, परिचालन क्षमता बढ़ाने तथा यात्रियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भारतीय रेलवे द्वारा मध्य प्रदेश में कई महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई है। इन परियोजनाओं से माल ढुलाई में वृद्धि, यात्रा समय में कमी तथा क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी।
*मध्य प्रदेश: उज्जैन बाईपास रेलवे लाइन परियोजना*
पश्चिमी रेलवे के अंतर्गत नईखेरी–चिंतामन गणेश को जोड़ने वाली 8.60 किलोमीटर लंबी उज्जैन बाईपास रेलवे लाइन को ₹189.04 करोड़ की लागत से स्वीकृति दी गई है। इस परियोजना से उज्जैन जंक्शन पर ट्रेनों के रिवर्सल की आवश्यकता समाप्त होगी, जिससे परिचालन क्षमता में वृद्धि तथा विलंब में कमी आएगी। यह परियोजना वर्ष 2028 के सिंहस्थ कुंभ मेले को ध्यान में रखते हुए तीर्थयात्रियों के लिए विशेष रूप से लाभकारी सिद्ध होगी तथा महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग सहित अन्य धार्मिक स्थलों तक निर्बाध रेल संपर्क सुनिश्चित करेगी।
ये परियोजनाएं भारतीय रेलवे की आधुनिक, कुशल एवं नागरिक-केंद्रित परिवहन प्रणाली विकसित करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं। इससे क्षेत्रीय संपर्क सुदृढ़ होगा, सेवा विश्वसनीयता में सुधार होगा और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।