News Aazad Bharat

इंदौर एयरपोर्ट पहली बार 6 महीने में 22 लाख यात्रियों ने भरी उड़ान, आंकड़ा 40 लाख पार करने की ओर; पिछले साल से 3 लाख ज्यादा

इंदौर  इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने इस साल यात्रियो के आंकड़े में लंबी छलांग लगाई है। इंदौर एयरपोर्ट के इतिहास में इस साल पहली बार 6 महीने में ही यात्रियों की संख्या 22 लाख को पार कर गई है।  इंदौर एयरपोर्ट अथॉरिटी के मिली रिपोर्ट के अनुसार जून में कुल 2,712 उड़ानों का संचालन हुआ, जबकि मई में यह संख्या 2,890 थी। बावजूद इसके, जून में कुल 3,67,664 यात्रियों ने सफर किया, जो मई के मुकाबले करीब 1,896 ज्यादा है। ट्रैवल एजेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष अमोल कटारिया के अनुसार, जुलाई में स्कूल-कॉलेज खुलने से यात्रियों की संख्या कम हो सकती है। जनवरी से जून 2025 के बीच इंदौर एयरपोर्ट से कुल 16,735 उड़ानों का संचालन हुआ और 22,05,576 यात्रियों ने सफर किया। यह पहली बार है जब छह माह में इंदौर एयरपोर्ट की यात्री संख्या 22 लाख के पार पहुंची है। वहीं ट्रैवल एजेंट्स का कहना है कि अप्रैल में हुए आतंकी घटनाक्रम के बाद उत्तर भारत का पर्यटन प्रभावित हुआ था। लेकिन जून में हालात सामान्य होने से जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश जैसे हिल स्टेशनों की ओर एक बार फिर पर्यटक लौटे, जिससे यात्री संख्या में उछाल आया। इंदौर एयरपोर्ट से यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या माह        2023         2024       2025 जनवरी    248231    320079    377207 फरवरी    259988    313541    362458 मार्च    273364    334785    369372 अप्रैल    289399    295665    363107 मई    352326    318326    365768 जून    305511    311576    367664 40 लाख के आंकड़े को पार कर जाएगा इस साल यात्रियों का आंकड़ा इंदौर एयरपोर्ट से बढ़ते यात्रियों के आंकड़ों को देखते हुए इस सेक्टर से जुड़े लोगों का कहना है कि अगर यात्रियों के बढ़ने का यहीं ट्रेंड रहा तो यहां के 87 साल के इतिहास में ऐसा पहली बार होगा जब यात्रियों का आंकड़ा 40 लाख को पार कर जाएगा। एयरपोर्ट अथॉरिटी की रिपोर्ट के मुताबिक 1 जनवरी 2023 से 31 जून 2023 तक इंदौर एयरपोर्ट से 17 लाख 1 हजार 819 यात्रियों ने सफर किया था। वहीं पिछले साल यानी 1 जनवरी 2024 से लेकर 31 जून 2024 तक 18 लाख 93 हजार 972 यात्रियों ने सफर किया था। वहीं इस साल 1 जनवरी 2025 से 30 जून 2025 तक 22 लाख 5 हजार 576 यात्री इंदौर एयरपोर्ट से यात्रा कर चुके हैं। यानी कि इस साल 2024 के मुकाबले 3 लाख 11 हजार 604 यात्री ज्यादा इंदौर एयरपोर्ट पर आना-जाना कर चुके हैं। इन आंकड़ों ने इंदौर को एक बार फिर सेंट्रल इंडिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट बना दिया है। इंदौर एयरपोर्ट से उड़ानों का संचालन माह        2023    2024    2025 जनवरी    2095    2520    2861 फरवरी    1928    2568    2637 मार्च    2159    2642    2872 अप्रैल    2375    2482    2763 मई    2542    2589    2890 जून    2400    2502    2712 2019 में 30 लाख यात्रियों ने किया था सफर 2023 में इंदौर एयरपोर्ट से 35 लाख 39 हजार 406 यात्रियों ने सफर किया है। उड़ानों और यात्रियों की संख्या के मान से यह इतिहास में इंदौर के सबसे बड़े आंकड़े हैं। इससे पहले साल 2019 में इंदौर से 30 लाख 24 हजार 364 यात्रियों ने सफर किया था।  

प्रदेश में युक्तियुक्तकरण से शिक्षा व्यवस्था में ऐतिहासिक सुधार :अब कोई भी विद्यालय शिक्षक विहीन नहीं

रायपुर प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ और संतुलित बनाने की दिशा में युक्तियुक्तकरण प्रक्रिया से बेहतर परिणाम मिले हैं। प्रदेश में युक्तियुक्तकरण के पूर्व कुल 453 विद्यालय शिक्षक विहीन थे। युक्तियुक्तकरण के पश्चात एक भी विद्यालय शिक्षक विहीन नहीं है। इसी प्रकार युक्तियुक्तकरण के पश्चात प्रदेश के 5936 एकल शिक्षकीय विद्यालयों में से 4728 विद्यालयों में शिक्षकों की पदस्थापना की गई है जो कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार की दिशा में एक सार्थक कदम है, जिससे निःसंदेह उन विद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था में सुधार होगा और अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिलेगा। बस्तर एवं सरगुजा संभाग के कुछ जिलों में शिक्षकों की कमी के कारण लगभग 1208 विद्यालय एकल शिक्षकीय रह गये हैं। निकट भविष्य में प्रधान पाठक एवं व्याख्याता की पदोन्नति तथा लगभग 5000 शिक्षकों की सीधी भर्ती के द्वारा शिक्षकों की कमी वाले विद्यालयों में पूर्ति कर दी जावेगी, जिससे कोई भी विद्यालय एकल शिक्षकीय नहीं रहेगा तथा अन्य विद्यालयों में भी जहां शिक्षकों की कमी है, शिक्षकों की पूर्ति की जाएगी। युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया, शिक्षा का अधिकार अधिनियम-2009 तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 में निहित प्रावधानों के तहत की गई है, प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक स्तर पर 2008 के सेटअप की प्रासंगिकता नहीं रह गई है। ऐसे अधिकारी-कर्मचारी जो किसी भी प्रकार की अनियमितता में संलिप्त पाये गये, उनके विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की गई है।

WWE फैंस के लिए बड़ी खबर WWE चैंपियन जिंदर महल ने अपनी प्रेमिका प्रिया के साथ शादी रचाई

नई दिल्ली WWE के मशहूर पहलवान युवराज सिंह धेसी, जिन्हें जिंदर महल के नाम से भी जाना जाता है, उन्होंने अपनी गर्लफ्रेंड प्रिया के साथ शादी कर ली है। यह खबर WWE फैंस के लिए बहुत बड़ी है। जिंदर महल ने रिंग में लाखों लोगों का दिल जीता है और अब उन्होंने प्रिया के साथ जीवन बिताने का फैसला किया है। दोनों 28 जून 2025 को शादी के बंधन में बंधे। शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही हैं। WWE में कई खिताब जीत चुके हैं जिंदर युवराज सिंह धेसी एक भारतीय-कनाडाई पेशेवर पहलवान हैं। उन्हें रिंग में जिंदर महल, राज सिंह या टाइगर राज सिंह के नाम से जाना जाता है। वे पूर्व WWE चैंपियन, यूनाइटेड स्टेट्स चैंपियन और दो बार 24/7 चैंपियन रह चुके हैं। अपने पेशेवर जीवन में सफलता हासिल करने के बाद, उन्होंने प्रिया के साथ अपने निजी जीवन की भी शुरुआत की है। शादी के दिन शानदार लुक में दिखे जिंदर और प्रिया जिंदर महल और प्रिया की मुलाकात एक पूल पार्टी में हुई थी। यहीं से उनकी प्रेम कहानी शुरू हुई और उन्होंने हमेशा के लिए एक-दूसरे का साथ निभाने का फैसला किया। अपनी शादी के खास दिन पर, युवराज और प्रिया दोनों ने ही गैर-पारंपरिक रंग चुने। युवराज ने इलेक्ट्रिक ब्लू रंग की शेरवानी पहनी थी, जिसके साथ उन्होंने मैचिंग पगड़ी और जूते पहने थे। वहीं, प्रिया आइवरी रंग के लहंगे में बेहद खूबसूरत लग रही थीं। जॉन सीना ने अपने दिमाग से बचाई अपनी चैंपियनशिप, सरेआम दिया धोखा युवराज ने अपनी शादी की कई तस्वीरें अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर शेयर की हैं। उन्होंने अपनी प्री-वेडिंग शूट, सगाई और कॉकटेल सेरेमनी की तस्वीरें भी शेयर की हैं। युवराज को अकेले इंस्टाग्राम पर 662k लोग फॉलो करते हैं। प्रिया फ्लोरिडा के टाम्पा की रहने वाली हैं और एक फैशन कंटेंट क्रिएटर हैं। सोशल मीडिया पर उनकी भी अच्छी खासी फैन फॉलोइंग है। जिंदर के फैंस दे रहे बधाई जिंदर महल की शादी के बाद उनके फैंस काफी खुश हैं और उन्हें सोशल मीडिया पर बधाई दे रहे हैं। हर कोई उनकी नई जिंदगी के लिए शुभकामनाएं दे रहा है। जिंदर महल ने भी अपने फैंस को उनके प्यार और सपोर्ट के लिए धन्यवाद दिया है। जिंदर महल की शादी एक शानदार समारोह था, जिसमें उनके परिवार और दोस्तों ने शिरकत की। शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं और लोग उन्हें खूब पसंद कर रहे हैं।  

MP के 31 जिलों में आज और कल भारी बारिश के आसार, जबलपुर-अमरकंटक नेशनल हाईवे बंद, नर्मदा नदी में मंदिर डूबा

भोपाल  मध्यप्रदेश में बारिश का स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव है। इस वजह से कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात हैं। टीकमगढ़ में गुरुवार रात 12 बजे से सुबह 7:30 बजे तक भारी बारिश हुई। करीब 8 घंटे में 6 इंच पानी गिर गया। शुक्रवार सुबह जब लोगों की नींद खुली तो घरों में पानी भर गया था।  डिंडौरी में 24 घंटे में 7 इंच बारिश हुई है, यहां सड़कों पर दो फीट से ज्यादा पानी भरा हुआ है। सिवनी नदी का पानी पुल पर आने से जबलपुर-अमरकंटक नेशनल हाईवे बंद हो गया है। जिले में नर्मदा नदी में मंदिर डूब गया। वहीं, गुना में शुक्रवार अलसुबह हुई तेज बारिश के बाद कई इलाकों में पानी भर गया। सड़कें तालाब बन गईं। एबी रोड पर तीन फीट तक जमा है। यहां गाड़ियां भी डूब गई हैं। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को जबलपुर, मंडला, डिंडौरी, बालाघाट, श्योपुर, शिवपुरी और गुना में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। अगले 24 घंटे में यहां 8 इंच तक पानी गिर सकता है। वहीं, ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, विदिशा, रायसेन, पांढुर्णा, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, सागर, दमोह, राजगढ़, अशोकनगर, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, कटनी, मैहर, उमरिया, शहडोल और अनूपपुर में भारी बारिश हो सकती है। बाकी जिलों में भी बारिश का दौर बना रहेगा। मानसूनी द्रोणिका मध्य प्रदेश से होकर गुजर रही है। अलग-अलग स्थानों पर चार मौसम प्रणालियां भी सक्रिय हैं। इस वजह से अधिकतर जिलों में रुक-रुककर हल्की से मध्यम स्तर की बारिश (Rain in Madhya Pradesh) हो रही है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, शुक्रवार-शनिवार को ग्वालियर, चंबल, सागर, रीवा, शहडोल और जबलपुर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। शेष क्षेत्रों में भी बौछारें पड़ने के असार हैं। ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, दतिया, अशोकनगर, भिंड, मुरैना, श्योपुर, सागर, छतरपुर, दमोह, पन्ना, टीकमगढ़, निवाड़ी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, सिवनी, छिंदवाड़ा, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी में आज और कल भारी आरिश के आसार हैं। एमपी के उत्तरी क्षेत्र में हो रही अच्छी बारिश उत्तर-पूर्वी अरब सागर से बंगाल की खाड़ी तक एक द्रोणिका बनी हुई है, जो गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल एवं उससे लगे उत्तरी ओडिशा पर बने चक्रवात से होकर जा रही है। मौसम विशेषज्ञ अजय शुक्ला ने बताया कि मौजूदा मौसम प्रणालियों के प्रभाव से मध्य प्रदेश के उत्तरी क्षेत्र में ही अच्छी बारिश हो रही है। गुरुवार को सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक रीवा में 23, खजुराहो में 21, दतिया में 19, मंडला में 16, मलाजखंड में 14, शिवपुरी में 12, दमोह में नौ, उमरिया में पांच, इंदौर एवं जबलपुर में चार, सीधी में दो और भोपाल में एक मिलीमीटर बारिश हुई। श्योपुर और खजुराहो के ऊपर बनी है मानसून द्रोणिका मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक, मानसून द्रोणिका वर्तमान में बीकानेर, श्योपुर, खजुराहो, डाल्टनगंज, दीघा से होते हुए बंगाल की खाड़ी तक जा रही है। पश्चिमी राजस्थान के मध्य में हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश पर हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात सक्रिय है। पश्चिम बंगाल और उससे लगे उत्तरी ओडिशा पर भी हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात है, जो दक्षिण-पश्चिम की तरफ झुका हुआ है।

दिलीप मालव ने अमेरिका में दिखाया दम, कराटे में जीता गोल्ड

विश्व पुलिस एवं अग्निशमन खेल प्रतियोगिता में उज्जैन की कराते खिलाड़ी अर्पणा ने अमेरिका में जीता गोल्ड मेडल  बर्मिंघम में हो रहे वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स में शेखर ने जीता रजत पदक  दिलीप मालव ने अमेरिका में दिखाया दम, कराटे में जीता गोल्ड  बर्मिंघम शहर के बेटी अर्पणा चौहान ने अमेरिका के अलबामा राज्य के बर्मिंघम शहर में आयोजित वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स 2025 में गोल्ड मेडल हासिल किया है। अर्पणा की यह उपलब्धि से केवल उज्जैन ही नहीं, बल्कि भारत का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित हुआ है।  साल 2018 से अर्पणा असम राइफल्स में खेल कोटा से सेवारत सैनिक हैं और इससे पहले भी कई प्रतियोगिताओं में गोल्ड मेडल जीत चुकी है। 26 वर्षीय अर्पणा का परिवार सांई विहार कॉलोनी उज्जैन में रहता है। पिता रतनलाल चौहान बीएसएनल से सेवानिवृत्त हैं व माता शारदा चौहान हैं। अर्पणा ने 10वीं तक केंद्रीय विद्यालय से पढ़ाई की है और कक्षा 8वीं से ही वे कराते का प्रशिक्षण ले रही हैं। अर्पणा ने अपनी मेहनत और लगन से कराते में एक अलग पहचान बनाई है। अब तक उन्होंने कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट्स में पदक जीते हैं। अर्पणा ने जीत का श्रेय परिवार, असम राइफल्स और पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड को दिया और कहा मेडल सिर्फ मेरा नहीं, बल्कि उन सभी का है, जिन्होंने मुझ पर विश्वास रखा। अर्पणा बड़े टूर्नामेंट्स की तैयारी में जुट गई हैं और कहा कि मुश्किलें आएंगी, पर हार मत मानो, क्योंकि मेहनत कभी धोखा नहीं देती। बर्मिंघम में हो रहे वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स में शेखर ने जीता रजत पदक किसान परिवार में जन्मे शेखर पाण्डेय ने अमेरिका में आयोजित विश्व पुलिस एवं अग्निशमन खेल प्रतियोगिता में रजत पदक जीतकर देश के साथ ही जिले को भी गौरवान्वित किया है। विकास खंड के ग्राम पंचायत रेरूपुर के मौजा खिरौड़ी निवासी 25 वर्षीय शेखर पाण्डेय वर्ष-2021 मे सीआईएसएफ में सब इंस्पेक्टर के पद पर नियुक्त हुए थे। शेखर का रूझान बचपन से ही खेल प्रति रहा है। यही वजह है कि सीआईएसएफ में नियुक्ति के बाद भी खेलकूद से जुड़े रहे। शेखर का चयन यूएसए में आयोजित विश्व पुलिस एवं अग्निशमन खेल स्पर्धा 2025 के लिए किया गया था। शेखर ने इस प्रतियोगिता में प्रतिभाग करते हुए डेकाथलान खेल में रजत पदक जीत कर देश एवं क्षेत्र का नाम रोशन करने में सफल रहे। उनकी कामयाबी पर परिवार एवं क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गयी। प्रतियोगिता का आयोजन यूएसए के अलबामा प्रांत के बर्मिंघम शहर में 27 जून से छह जुलाई के बीच किया गया है। शेखर ने दो जुलाई को आयोजित डेकाथलन खेल इवेंट में रजत पदक जीता है। शेखर इन प्रतियोगिताओं में भी लेंगे भाग शेखर पाण्डेय अब लांग जंप, ट्रिपल जंप, 110 मीटर हर्डल एवं पोलवाल्ट प्रतियोगिता में भी देश की तरफ से चुनौती पेश करेंगे। शेखर ने देश के लिए 17 मेडल और स्टेट में 30 मेडल जीत कर अपना परचम लहरा चुके हैं। पिता नंदलाल पांडेय कृषक एवं माता सीता देवी गृहिणी है। शेखर पाण्डेय इस समय एअरपोर्ट बंगलौर में तैनात है। उन्होंने आल इंडिया पुलिस गेम्स 2024 में पोल वाल्ट स्पर्धा में पांच मीटर जंपकर राष्ट्रीय रिकॉर्ड के साथ गोल्ड मेडल जीता था। शेखर अपने पिता के तीन संतानों में सबसे बड़े है। शेखर ने बताया कि पढ़ाई के बाद समय निकाल कर शेखर खेतों में अकेले जाकर पोलवाट, त्रिकूद, दौड़ और लांग जंप में प्रैक्टिस करते थे। उन्हें बधाई देने वालों में विकास पाण्डेय, रवि कुमार, गणेश प्रसाद, कन्हैयालाल, वीरेन्द्र कुमार, सतीश कुमार, काजू, जंगबहादुर सिंह, पिन्टू सिंह आदि शामिल है।  दिलीप मालव ने अमेरिका में दिखाया दम, कराटे में जीता गोल्ड सीआरपीएफ (केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल) में कार्यरत जवान दिलीप कुमार मालव ने अमेरिका के बर्मिंघम शहर में 27 जून से 6 जुलाई 2025 तक आयोजित 21वें वर्ल्ड पुलिस गेम्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए कराटे प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीत लिया है. दिलीप ने इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए देश और अपने राज्य राजस्थान का नाम गौरव से ऊंचा किया है. इस वैश्विक प्रतियोगिता में करीब 70 देशों के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं. जिला खेल अधिकारी कृपा शंकर शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि दिलीप ने सेमीफाइनल मुकाबले में मलेशिया की टीम को और फाइनल में रोमानिया के खिलाड़ी को एकतरफा शिकस्त देकर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया. सांसद दुष्यंत ने दी बधाई: इस प्रतियोगिता में दिलीप के साथ महेंद्र यादव, अनिल शर्मा और अजय थंगचन भी मौजूद रहे. दिलीप के इस अद्वितीय प्रदर्शन से पूरे जिले और प्रदेश के खेल प्रेमियों में खुशी की लहर दौड़ गई है. इस मौके पर झालावाड़-बारां से सांसद दुष्यंत सिंह ने भी दिलीप कुमार मालव को फोन कर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. दिलीप मालव 7 जुलाई को अमेरिका से भारत लौटेंगे. झालावाड़ पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया जाएगा.      

सीएम मोहन यादव स्टूडेंट्स को दिया मेगा गिफ्ट, 94,234 छात्रों को लैपटॉप के लिए 25-25 हजार रुपए की सहायता राशि बैंक खातों में की ट्रांसफर

भोपाल  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार, 4 जुलाई को राज्य के 94,234 मेधावी छात्रों को लैपटॉप खरीदने के लिए 25-25 हजार रुपए की सहायता राशि उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की। यह राशि “प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना” के तहत दी जा रही है। इस योजना के लिए राज्य सरकार कुल 238 करोड़ रुपए खर्च कर रही है। कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह और जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. विजय शाह भी पहुंचे है। 75% या उससे अधिक अंक लाने वाले छात्रों को मिली राशि मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (MPBSE) की 12वीं बोर्ड परीक्षा में 75% या उससे अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थियों को यह लाभ मिला। योजना के तहत छात्रों को सीधे उनके बैंक खाते में ₹25,000 की राशि भेजी जाती है ताकि वे अपनी पसंद का लैपटॉप खरीद सकें। इस साल 94 हजार 234 छात्रों को कुल ₹235.58 करोड़ की राशि दी गई। सीएम ने कहा- यह आर्थिक मदद नहीं, प्रतिभा का सम्मान है मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस योजना को सिर्फ आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि प्रदेश की मेधा शक्ति को सम्मान देने का प्रयास बताया है। उन्होंने कहा कि आज के युग में तकनीक सफलता की कुंजी है, और एक लैपटॉप छात्रों को भविष्य संवारने में मदद कर सकता है। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सभी जिलों में किया जाएगा। जिला स्तरीय कार्यक्रमों में मंत्रीगण, सांसद, विधायक और जनप्रतिनिधि भाग लेंगे। 500 से अधिक विद्यार्थी और शिक्षक इस राज्य स्तरीय आयोजन में प्रत्यक्ष रूप से शामिल होंगे। पिछले साल भी 89 हजार से ज्यादा छात्रों को मिली थी राशि 2023-24 में सरकार ने 89,710 छात्रों को ₹224.27 करोड़ की राशि दी थी। यह योजना वर्ष 2009-10 से लागू है। पिछले 15 वर्षों में अब तक 4.32 लाख विद्यार्थियों को लगभग ₹1,080 करोड़ की सहायता राशि प्रदान की जा चुकी है। प्रदेश के विभिन्न जिलों में इस अवसर पर अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। देवास में उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, शहडोल में राजेन्द्र शुक्ल, सिवनी में करण सिंह वर्मा, सिंगरौली में संपतिया उइके, और ग्वालियर में तुलसीराम सिलावट सहित अन्य मंत्रीगण, सांसद और विधायक उपस्थित रहेंगे।  

फैजुल करीम ने कहा,अगर राष्ट्रीय चुनाव जीतकर सरकार बनी तो ‘इस्लामिक मूवमेंट बांग्लादेश’ देश में शरीयत कानून लागू करेगा

ढाका  बांग्लादेश की कट्टरपंथी इस्लामी संगठन जमात-चर मोंई के प्रमुख पिर मुफ्ती सैयद मुहम्मद फैज़ुल करीम ने एक इंटरव्यू में स्पष्ट रूप से घोषणा की है कि यदि उनकी पार्टी सत्ता में आती है तो वह देश में तालिबान शासित अफगानिस्तान की तर्ज पर शरीयत कानून लागू करेंगे। अमेरिका स्थित बंग्ला मीडिया संस्था 'ठिकाना न्यूज' के संपादक खालिद मुहीउद्दीन को दिए गए इंटरव्यू में फैजुल करीम ने कहा, “अगर राष्ट्रीय चुनाव जीतकर सरकार बनी तो 'इस्लामिक मूवमेंट बांग्लादेश' देश में शरीयत कानून लागू करेगा।” फैजुल करीम ने अफगानिस्तान के वर्तमान शासन प्रणाली की सराहना करते हुए कहा, "हम अफगानिस्तान की शासन प्रणाली को अपनाएंगे। तालिबान सरकार ने जो अच्छा किया है, उसे लागू करेंगे।" उन्होंने यह भी कहा कि यदि सत्ता में आए तो हिंदुओं समेत सभी अल्पसंख्यकों को शरीयत के तहत अधिकार दिए जाएंगे। फैजुल करीम ने यह भी कहा कि अमेरिका, ब्रिटेन और रूस जैसे देशों की कुछ अच्छी बातें होंगी तो उन्हें भी अपनाया जाएगा। हालांकि उन्होंने यह कहा कि वे शरीयत के विरोध में नहीं हों। जमात-चर मोंई जैसे संगठनों का खुलेआम चुनाव लड़ने और शरीयत लागू करने की बातें करना यह दर्शाता है कि बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के दौरान इस्लामी कट्टरपंथी संगठन राजनीतिक रूप से सक्रिय हो रहे हैं। बांग्लादेश में हाल ही में सत्ता परिवर्तन हुआ है, जहां पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को छात्रों के आंदोलन के बाद अपदस्थ किया गया था और नोबेल पुरस्कार विजेता मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व में अंतरिम सरकार बनाई गई है। हालांकि करीम ने आश्वासन दिया कि अल्पसंख्यकों को शरीयत के तहत अधिकार मिलेंगे, लेकिन तालिबान जैसे शासन मॉडल के उदाहरण को देखते हुए यह बयान अल्पसंख्यकों के अधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए खतरे की घंटी माना जा रहा है। मानवाधिकार कार्यकर्ताओं और अंतरराष्ट्रीय विश्लेषकों का मानना है कि ऐसी विचारधारा देश की धर्मनिरपेक्षता, महिला अधिकारों और न्याय व्यवस्था को कमजोर कर सकती है।

हरियाणा की इंटरनेशनल बॉक्सर स्वीटी बूरा ने जीता गोल्ड

हिसार  हैदराबाद में हुई अंतरराष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप में हरियाणा के हिसार की इंटरनेशल बॉक्सर स्वीटी बूरा गोल्ड मेडल जीता। यह चैंपियनशिप 27 जून से 1 जुलाई तक हैदराबाद में हुई थी। एलीट वुमन नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप में स्वीटी बूरा ने फाइनल मुकाबले में रेलवे की अलफिया पठान को 5-0 से हराकर स्वर्ण पदक पर कब्जा किया। वहीं, सेमीफाइनल में स्वीटी ने आॅल इंडिया पुलिस टीम की बबीता को भी 5-0 से शिकस्त दी। इस चैंपियनशिप में स्वीटी ने 75 से 80 किलोग्राम भार वर्ग में भाग लेते हुए स्वर्ण पदक जीता है।  अब स्वीटी वर्ल्ड, एशियन, कॉमनवेल्थ के लिए होने वाले ट्रायल की तैयारी शुरू करेंगी। वर्तमान में स्वीटी बूरा रोहतक स्थित नेशनल बॉक्सिंग एकेडमी में कोच शिलवा और दलबीर के पास अभ्यास कर रही हैं। स्वीटी बूरा ने अपनी उपलब्धि का श्रेय पूरी बॉक्सिंग फैमिली, बॉक्सिंग फेडरेशन, रोहतक साईं के पूरे स्टाफ और बॉक्सिंग कोच को दिया है। स्वीटी का अपने पति एवं भारतीय कबड्डी टीम के पूर्व कप्तान दीपक हुड्डा के साथ विवाद चल रहा है। लंबे समय से चल रहे इस विवाद के बाद स्वीटी पहली बार रिंग में उतरीं। चैंपियनशिप में मेडल जीतने के बाद स्वीटी ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर भावुक पोस्ट शेयर किया। इसमें उन्होंने कहा कि मेरा ये मेडल उन सभी लड़कियों के नाम है, जो घरेलू हिंसा के खिलाफ खड़ी होकर अपने लिए आवाज उठाने का साहस रखती हैं।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का विजन – विकसित छत्तीसगढ़ 2047 के लिए डिजिटल क्रांति को नई गति देने पर बल

रायपुर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि विकसित भारत 2047 के साथ विकसित छत्तीसगढ़ 2047 के लक्ष्यों को पूर्ण करने एवं सहज, सरल, त्वरित और पारदर्शिता के साथ सुचारू शासन की दिशा में इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी का महत्वपूर्ण योगदान है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज मंत्रालय महानदी भवन में इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग की गहन समीक्षा बैठक ली। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों, विशेष रूप से बस्तर एवं सरगुजा संभागों में नए मोबाइल टॉवर लगाने तथा फाइबर नेटवर्क लाइन बिछाने जैसे कार्यों में तेजी लाई जाए। आने वाले समय में राज्य में समय सीमा के भीतर चरणबद्ध रूप से 5,000 से अधिक मोबाइल टॉवर लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ई-डिस्ट्रिक्ट 2.0 के माध्यम से वर्तमान में विभिन्न विभागों की 85 ऑनलाइन सेवाओं का विस्तार करते हुए 250 अन्य ऑफलाइन सेवाओं को भी ऑनलाइन सेवाओं में तब्दील किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि योजनाओं का लाभ लोगों को घर बैठे ही ऑनलाइन प्राप्त होगा, तो इससे समय की बचत होगी तथा कार्यालय आने-जाने में होने वाला खर्च भी कम होगा। इसके साथ ही टीयर-थ्री के अनुरूप स्टेट डाटा सेंटर को अपग्रेड करने की भी बात कही गई। मुख्यमंत्री श्री साय ने बैठक में प्रदेश में विभाग द्वारा संचालित प्रमुख परियोजनाओं—अटल मॉनिटरिंग पोर्टल, नियद नेल्लानार एवं L.W.E. सैचुरेशन डैशबोर्ड, भारतनेट फेस-2, छत्तीसगढ़ स्टेट डाटा सेंटर (CGSDC), आधार एनरोलमेंट इन-हाउस मॉडल, ई-डिस्ट्रिक्ट 2.0, सीजी स्वान, ई-प्रोक्योरमेंट तथा कैपेसिटी बिल्डिंग सहित अन्य योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। इस दौरान प्रमुख सचिव श्रीमती निहारिका बारिक ने विगत सवा साल में विभाग द्वारा अर्जित महत्वपूर्ण उपलब्धियों का विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि विगत 4 वर्षों से लंबित डाटा सेंटर के अपग्रेडेशन की निविदा प्रक्रिया पूर्ण की गई, खनिज 2.0 पोर्टल का गो लाइव किया गया, वाई-फाई मंत्रालय योजना तथा ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल सफलतापूर्वक शुरू हुए। इसके साथ ही भारतनेट फेज-2 परियोजना का प्रस्ताव भारत सरकार को प्रेषित किया गया एवं अटल मॉनिटरिंग पोर्टल डैशबोर्ड का निर्माण कर 19 विभागों की 100 योजनाओं के KPI इसमें प्रदर्शित किए गए हैं। इस बैठक में इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग की प्रमुख सचिव श्रीमती निहारिका बारिक सिंह, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव श्री राहुल भगत, चिप्स के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रभात मलिक सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

गुकेश का बड़ा कारनामा वर्ल्ड नंबर-1 मैग्नस कार्लसन को हराया, मैच से पहले कहा था कमजोर खिलाड़ी

जगरेब विश्व चैंपियन डी गुकेश ने  क्रोएशिया के जगरेब में ग्रैंड शतरंज टूर के छठे दौर में नॉर्वे के मैग्नस कार्लसन को हराया। इस धमाकेदार जीत के साथ टूर्नामेंट में उनके 10 अंक हो गए हैं। गुकेश ने पहले दिन सुपर यूनाईटेड रैपिड एवं ब्लिट्ज शतरंज टूर्नामेंट के पहले तीन दौर समाप्त होने के बाद वह साथ संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान पर बने हुए थे। इसके बाद उन्होंने चौथे और पांचवें राउंड में उज्बेकिस्तान के नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव और अमेरिकी ग्रैंडमास्टर फैबियानो कारूआना को हराकर उन्होंने अपना दबदबा जारी रखा, इसके साथ ही उनकी भिड़ंत कार्लसन के साथ होनी कंफर्म हुई। इस मुकाबले से पहले कार्लसन ने कहा था कि वह गुकेश के खिलाफ इस तरह से खेलेंगे जैसे कि उनका सामना कमजोर खिलाड़ियों में से एक से हो रहा हो। हालांकि गुकेश ने रैपिड वर्ग में दमदार प्रदर्शन किया और कार्लसन को मात दी। टूर्नामेंट में दोनों शतरंज दिग्गजों के बीच निर्धारित तीन मुकाबलों में से ये पहला मैच था। अब शेष मुकाबले ब्लिट्ज प्रारूप में खेले जाएंगे। बता दें कि रैपिड वर्ग में जीत के लिए दो जबकि ब्लिट्ज में जीत के लिए एक अंक दिया जाता है। इससे पहले गुकेश ने दिन की शुरुआत डुडा के खिलाफ हार से की लेकिन फिर उन्होंने फ्रांस के अलीरेजा फिरौजा को पराजित करके हमवतन आर प्रज्ञानानंदा को भी शिकस्त दी। इससे उनके संभावित छह में से चार अंक हो गए। इससे पहले भारतीय ग्रैंडमास्टर और मौजूदा विश्व चैंपियन डी गुकेश ने नॉर्वे शतरंज टूर्नामेंट में पूर्व विश्व चैंपियन मैग्नस कार्लसन को उनके ही देश में हराया था। र्नोवे शतरंज टूर्नामेंट में यह दूसरी बार था, जब किसी भारतीय खिलाड़ी ने क्लासिकल प्रारुप में विश्व चैंपियन कार्लसन को मात दी हो। इससे पहले आर. प्रग्गनानंदा ने इसी टूर्नामेंट में कार्लसन को हराया था।