News Aazad Bharat

सिंहस्थ-2028 के दृष्टिगत स्कूल शिक्षा विभाग आवश्यक तैयारियां करें

भोपाल : गुरूवार, सितम्बर 11 स्कूल शिक्षा मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह ने कहा है कि उज्जैन में सिंहस्थ-2028 वृहद स्तर का आयोजन है, इसको देखते हुए स्कूल शिक्षा विभाग अभी से आवश्यक तैयारियां शुरू कर दें। उन्होंने कहा कि स्कूल भवनों की स्थिति और उनमें आवश्यक सुधारप्रस्ताव तैयार कर शासन स्तर पर भेजें। उन्होंने शासकीय स्कूल भवनों की सूची तैयार किये जाने के भी निर्देश दिए। मंत्री श्री सिंह बुधवार को उज्जैन में संभागीय स्तर की बैठक को संबोधित कर रहे थे। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि युवा शिक्षकों को सिंहस्थ की आवश्यक व्यवस्था में सहयोग देने के लिये अभी से प्रशिक्षण दिलाये जाने की व्यवस्था की जाये। बैठक में बताया गया कि उज्जैन जिले में 1733 शासकीय विद्यालय और 985 अशासकीय विद्यालयों का संचालन किया जा रहा है। विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों को शत् प्रतिशत नि:शुल्क पाठ्य पुस्तकों और साईकिल का वितरण किया जा चुका है। बैठक में परीक्षा परिणाम में वृद्धि के लिये प्रत्येक विद्यालय के विषय शिक्षकों का एक दिवसीय प्रशिक्षण संभागीय स्तर पर शुरू किया जा चुका है। प्रत्येक विद्यार्थी की प्रोफाईल बनाई जा रही है। बैठक के बाद स्कूल शिक्षा मंत्री श्री सिंह ने ग्राम दाउखेड़ी में निर्माणाधीन सांदीपनि स्कूल का निरीक्षण किया। उन्होंने संभाग के अन्य जिलों की स्कूल शिक्षा से संबंधित प्रगति की भी समीक्षा की। मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा को जल्द ही मूर्त रूप दिया जाएगा परिवहन मंत्री श्री सिंह ने उज्जैन में बुधवार को परिवहन विभाग की संभागीय समीक्षा बैठक को संबोधित किया। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि उज्जैन में मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा को जल्द ही मूर्त रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि लापरवाही एवं अनियंत्रित तरीके से वाहन चलाने वालों के विरूद्ध लायसेंस सस्पेंड की कार्रवाही की जाए। परिवहन मंत्री ने कहा कि सिंहस्थ-2028 के आयोजन को देखते हुए उज्जैन में परिवहन व्यवस्था की लगातार समीक्षा की जाए। उन्होंने परिवहन विभाग के अधिकारी और कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिलाये जाने पर भी जोर दिया। परिवहन सचिव श्री मनीष सिंह ने सिंहस्थ के दौरान यातायात को नियंत्रित करने के लिये पार्किंग व्यवस्था के लिये स्थल चयन और त्रिस्तरीय पार्किंग व्यवस्था की कार्ययोजना बनाने के लिये कहा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा योजना को मूर्त रूप देने के लिये राज्य स्तर पर मध्यप्रदेश यात्री परिवहन एवं अधोसंरचना लिमिटेड कम्पनी का गठन किया जा चुका है। आयुक्त परिवहन श्री विवेक शर्मा ने राहवीर योजना अंतर्गत पात्र राहवीरों को प्रोत्साहन राशि समय पर दिलाये जाने की व्यवस्था करने के लिये कहा।

मध्यप्रदेश को मिला ‘बेस्ट स्टेट टूरिज्म बोर्ड’ अवॉर्ड

भोपाल : बुधवार, केंद्रीय पर्यटन और संस्कृति मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड को प्रतिष्ठित बेस्ट स्टेट टूरिज्म बोर्ड अवॉर्ड से सम्मानित किया है। यह सम्मान नई दिल्ली के ली मेरिडियन में 9 सितम्बर को भव्य इंडिया ट्रैवल अवॉर्ड्स 2025 समारोह में प्रदान किया गया। इस राष्ट्रीय स्तर के सम्मान ने भारत के पर्यटन क्षेत्र में नवाचार, उत्कृष्टता और सतत विकास को लेकर मध्यप्रदेश की अग्रणी भूमिका को रेखांकित किया है। अपर मुख्य सचिव पर्यटन, संस्कृति, गृह और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व तथा प्रबंध संचालक, मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड श्री शिव शेखर शुक्ला ने कहा कि यह अवॉर्ड हमारी टीम की साझा मेहनत और विजन का परिणाम है। हमारा लक्ष्य सिर्फ नए पर्यटन स्थल बनाना नहीं है, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देना, महिलाओं को नए अवसर प्रदान करना, हमारी संस्कृति और परंपराओं को संजोना, प्राकृतिक धरोहर को बचाना और पर्यटन को सतत विकास की दिशा में आगे बढ़ाना है। यह सम्मान हमें और प्रेरित करता है कि हम मध्यप्रदेश को ऐसा खास पर्यटन स्थल बनाएं, जहां परंपरा, प्रकृति और आधुनिकता एक साथ दिखाई दें। अपर मुख्य सचिव ने कहा कि प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक और प्राकृतिक धरोहर को दुनिया के सामने प्रस्तुत करने, इको-टूरिज्म सर्किट विकसित करने, सामुदायिक होमस्टे को बढ़ावा देने, साहसिक और अनुभवात्मक पर्यटन को विस्तार देने के साथ-साथ आतिथ्य सत्कार और विज़िटर इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने की दिशा में बोर्ड सतत रूप से कार्यरत है। लक्ष्य पर्यटकों को विश्वस्तरीय पर्यटन अनुभव प्रदान करना है।