संविदा कर्मियों की उम्मीद पर खरे नहीं उतरे मुख्यमंत्री,आश्वासन लेकर लौटे
प्रदीप ठाकुर
भोपाल में संविदा कर्मचारियों के महासम्मेलन में मोहन यादव ने यह कहते हुए संविदाकर्मियों की चने के झाड़ पर चढ़ा दिया कि संविदा कर्मचारियों की उतनी ही आवश्यकता है, जितनी श्रीराम जी को हनुमान जी की थी.
राजधानी भोपाल में शुक्रवार को संविदा कर्मचारियों ने महासम्मेलन का आयोजन किया. जिसमें शामिल होने के लिए प्रदेशभर से हजारों की संख्या में संविदाकर्मी भोपाल में टीटी नगर स्थित दशहरा मैदान में पहुंचे लेकिन मध्य प्रदेश के करीब 50 हजार संविदा कर्मचारियों को मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव से जिस बड़ी घोषणा का इंतजार था, उस पर पानी फिर गया वह उम्मीद महासम्मेलन के मंच से पूरी नहीं हो पाई. इस मंच से मुख्यमंत्री ने संविदाकर्मियों के योगदान की सराहना तो की लेकिन तत्काल राहत देने वाली किसी बड़ी घोषणा का जिक्र नहीं किया ।
तारीफों के पुल बाघ दिए
इस सम्मेलन में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव मुख्य अतिथि के रुप में शामिल हुए थे. सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार को चलाने और योजनाओं को जमीन पर उतारने में संविदा कर्मचारियों की भूमिका सबसे अहम है. सरकार की हर जनकल्याणकारी योजना में संविदा कर्मचारियों की उतनी ही आवश्यकता है, जितनी श्रीराम जी को हनुमान जी की रही. सरकार संविदाकर्मियों के हक के लिए सदैव सकारात्मक भाव से खड़ी है. संविदाकर्मियों के भविष्य की स्थिरता से जुड़े विषयों पर सरकार गंभीरता से मंथन करेगी ।
संविलियन पर बोले मुख्यमंत्री
डॉ. मोहन यादव ने 10 वर्ष या उससे अधिक अनुभव वाले संविदा कर्मचारियों के संविलियन को लेकर कहा कि “इस विषय पर सरकार काम कर रही है. 50 परसेंट व्यवस्था को लागू किया जा चुका है और आगे भी इस दिशा में और काम करेंगे” इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने कुछ निगम मंडलों में शासन के समान नियम लागू करने की बात कही और घोषणा भी की कि इसे जरूर किया जाएगा.
आश्वासन की पुड़िया
संविदाकर्मियों की सभी मांगें पढ़ी गईं, लेकिन फैसला नहीं हो पाया
सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने मंच पर ही संविदा संयुक्त संघर्ष मंच द्वारा दिए गए माग पत्र की सभी मागे एक-एक कर पड़ी गई. इनमें नियमितीकरण, महंगाई भत्ता, अवकाश, सामाजिक सुरक्षा, बीमा, आवास, पदोन्नति और चाइल्ड केयर लीव जैसी मांगें शामिल थी.
मांगें पढ़े जाने के बाद भी किसी भी मुद्दे पर स्पष्ट समय सीमा या ठोस निर्णय की घोषणा नहीं हुई ।
संविदा कर्मी करेंगे यज्ञ
संविदा कर्मचारियों ने ‘बजरंगबली’ को लिखी चिट्ठी, वेतन बढ़वाने के लिए पत्नी बच्चों के साथ यज्ञ करेंगे । ओर हनुमान जी से प्रार्थना करेंगे उनकी मांगे जल्द पूरी हो जाए ।
जिला अध्यक्ष कृष्ण कुमार उपाध्याय के अनुसार महासम्मेलन में सर्व शिक्षा अभियान, स्वास्थ्य विभाग, आजीविका मिशन, मनरेगा, महिला एवं बाल विकास, कृषि विभाग, वाटर शेड सहित शासन की लगभग सभी योजनाओं और विभागों मे कार्यरत संविदा अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए