रिपोर्ट अंकित तिवारी
मेरठ: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा आगामी दिनों में बोर्ड परीक्षाओं का आयोजन किया जाना है। ऐसे में प्रदेशभर के लाखों छात्र परीक्षा की तैयारियों में जुटे हुए हैं। हालांकि, परीक्षा नज़दीक आते ही कई छात्र मानसिक तनाव का भी सामना करने लगते हैं।
इसी तनाव को दूर करने और छात्रों की समस्याओं का समाधान करने के लिए मेरठ में मंडलीय मनोविज्ञान केंद्र स्थापित किया गया है। इस केंद्र के माध्यम से सहारनपुर और मेरठ मंडल के छात्रों को परीक्षा से जुड़ी मानसिक और भावनात्मक समस्याओं में सहायता दी जा रही है।
केंद्र पर तैनात मनोचिकित्सक शिवराज सिंह ने बताया कि बड़ी संख्या में छात्र उनसे व्हाट्सएप कॉल और सामान्य कॉल के माध्यम से संपर्क कर रहे हैं। छात्र अपनी पढ़ाई, याददाश्त, नींद और परीक्षा के दबाव से जुड़ी समस्याएं साझा करते हैं, जिनका समाधान करने का प्रयास किया जाता है।
उन्होंने बताया कि सिर्फ छात्र ही नहीं, बल्कि शिक्षक भी लगातार केंद्र से संपर्क करते हैं और कई बार स्वयं भी यहां आकर परामर्श लेते हैं। छात्रों की मानसिक दुविधाओं को दूर करने के लिए उन्हें उचित मार्गदर्शन दिया जाता है।
मनोचिकित्सक के अनुसार, कई छात्र बताते हैं कि परीक्षा नजदीक होने के बावजूद उन्हें अत्यधिक नींद आती है, जबकि कुछ छात्र पढ़ने के बाद भी विषयवस्तु याद न रहने की समस्या से जूझ रहे हैं। ऐसी स्थिति में छात्रों को मानसिक रूप से संतुलित रहने और तनाव मुक्त होकर पढ़ाई करने की सलाह दी जाती है।
उन्होंने बताया कि यदि छात्र स्वयं केंद्र पर आकर परामर्श लेते हैं तो उन्हें व्यक्तिगत रूप से समाधान दिया जाता है, वहीं फोन के माध्यम से भी उनकी पूरी समस्या सुनकर उचित सलाह दी जाती है।