भोपाल, 13/08/2025। मध्यप्रदेश शासन के मंत्री विश्वास सारंग ने बुधवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि देश में लंबे समय तक कांग्रेस पार्टी का शासन रहा और वह शुरू से देश के लोकतंत्र और निष्पक्ष संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करती रही है। वोट चोरी जैसे शब्द का प्रयोग करके राहुल गांधी देश के लोकतंत्र को अपमानित करने का काम कर रहे हैं, जो बिहार चुनाव में अपनी सुनिश्चित हार से जनता का ध्यान बंटाने तथा अपनी फेस सेविंग की कोशिश मात्र है।
लोकतंत्र को बदनाम और उसका दुरुपयोग करती रही है कांग्रेस
मध्यप्रदेश शासन के मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि आजादी के बाद देश की जनता ने कांग्रेस को शासन करने का अधिकार दिया, लेकिन 1952 और उसके बाद जब-जब भी नेहरू परिवार और कांग्रेस की सरकारें देश में रही हैं, उन्होंने लोकतंत्र को बदनाम किया तथा उसका दुरुपयोग किया है। उन्होंने कहा कि 1952 में जब बाबा साहब अंबेडकर जी चुनाव लड़े थे, पं. नेहरू ने स्वयं उन्हें चुनाव हराने के लिए षडयंत्र रचा था। उनके चुनाव में 74433 वोटों को खारिज कराया गया था, जबकि अंबेडकर जी सिर्फ 14561 वोटों से चुनाव हारे थे। उसके बाद यह सिलसिला लगातार चलता रहा। 1952 के बाद 1957, आपातकाल और आपातकाल के बाद भी कांग्रेस ने हमेशा लोकतंत्र के दुरुपयोग का प्रयास किया। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी 90 से अधिक चुनाव हार चुकी है। कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी की स्थिति पूरे देश में बदतर होती जा रही है और वह अपनी हार का ठीकरा कभी ईवीएम पर, तो कभी चुनाव आयोग पर फोड़ रहे हैं। अब यह सुनिश्चित हो गया कि बिहार के चुनाव में कांग्रेस और उसके सहयोगी बुरी तरह हारेंगे, तो मतदाता सूची पर प्रश्न चिन्ह लगाकर अपनी फेस सेविंग का काम कर रहे हैं।
अपने गिरेबान में झांकें कांग्रेस और राहुल गांधी
मध्यप्रदेश शासन के मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि मैं राहुल गांधी से यह कहना चाहता हूं कि सिर्फ गांधी सरनेम लगाने से काम नहीं चलेगा, उसके साथ नीयत भी नेक होना चाहिए। उन्हें यह विचार करना चाहिए कि देश के जिन राज्यों में कांग्रेस की सरकारें बनी हैं, अगर निर्वाचन प्रक्रिया में कोई खराबी रही होती, तो क्या ये सरकारें बन पातीं? उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस के नेता जो आरोप लगा रहे हैं, उसका खंडन तो स्वयं कांग्रेस की कर्नाटक सरकार के सहकारिता मंत्री राजन्ना ने कर दिया है। राहुल गांधी जिस वोट चोरी की बात करते हैं, उसका आरोप मंत्री राजन्ना ने अपनी ही सरकार पर लगाया है। मंत्री राजन्ना ने जब यह कहा कि हमारी सरकार ने वोटर लिस्ट में गड़बड़ी की थी, तो उन्हें बर्खास्त कर दिया गया। उन्हें सफाई देने का मौका तक नहीं दिया गया। इससे पता चलता है कि कांग्रेस का आंतिरक लोकतंत्र कितना बदहाल है।
राहुल गांधी और कांग्रेस ने देश को बदनाम करने की सुपारी ली है
मध्यप्रदेश शासन के मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि मुझे लगता है कि राहुल गांधी और कांग्रेस के नेता केवल और केवल देश को बदनाम करने की सुपारी लेकर और अर्बन नक्सलियों की तरह राजनीति कर रहे है। जिस तरह नक्सली बिना किसी जानकारी या तथ्य के व्यवस्था के खिलाफ असंतोष पैदा करने की कोशिश करते हैं, वही काम कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी कर रहे हैं। राहुल गांधी की झूठ, फरेब की राजनीति इन्हीं प्रयासों की कड़ी है। कांग्रेस ने चुनाव आयोग और न्यायालय के सामने जाकर कभी कोई आपत्ति दर्ज नहीं कराई है, केवल मीडिया के माध्यम से आरोप लगाए जाते हैं। चुनाव आयोग ने कई बार कहा कि अगर आपको कोई आपत्ति है, तो आयोग में आकर बात कीजिए, लेकिन कांग्रेस के ये नेता जिनमें मध्यप्रदेश के भी कुछ नेता शामिल हैं, आयोग के पास नहीं गए। श्री सारंग ने कहा कि कांग्रेस के नेता संभवतः इस कहावत पर राजनीति कर रहे हैं कि ‘‘सौ बार झूठ बोलेंगे, तो वह सच हो जाएगा’’, लेकिन ऐसा होता नहीं है। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस लगातार चुनाव हार रही है और उन्हें लगता है कि अगर नेहरू परिवार के नेतृत्व को बचाना है, तो झूठ-फरेब की राजनीति को आगे बढ़ाना होगा।
जब-जब देश का सम्मान बढ़ा, तब-तब अपमान करती रही कांग्रेस
मध्यप्रदेश शासन के मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि जब-जब दुनिया में भारत का मान-सम्मान बढ़ता है, तब-तब कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी देश की व्यवस्थाओं पर प्रश्न चिह्न लगाकर देश को बदनाम करने की कोशिश करते हैं। जब हमारी सेनाओं ने आतंकवाद के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक की, तो राहुल गांधी उस पर प्रश्न चिह्न लगाते हैं। जब एयर स्ट्राइक होती है, तो राहुल गांधी पाकिस्तान और चीन की भाषा बोलते हैं। अभी जब ऑपरेशन सिंदूर हुआ, तब भी कांग्रेस और विपक्षी दलों के नेता देश के सम्मान को कम करने की कोशिश कर रहे हैं। 15 अगस्त आ रहा है और पूरे देश का वातावरण तिरंगामय हो रहा है। ऐसा लग रहा है कि तिरंगे के मान और सम्मान के लिए देश का हर व्यक्ति खड़ा है, ऐसे में देश के संविधान तथा संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर कांग्रेस और विपक्ष के नेता देश को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। इसी नकारातमक विचाराधारा और कार्यपद्धति के कारण कांग्रेस लगातार नीचे जा रही है।
भाजपा और श्री नरेन्द्र मोदी में ही अपना भविष्य देख रहा देश
मध्यप्रदेश शासन के मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि कांग्रेस पूरी तरह से हताश और निराश है। जनता में उसकी साख पूरी तरह से खत्म हो चुकी है। देश की जनता ने यह मान लिया है कि उसका भविष्य भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के साथ ही है। ऐसे में कांग्रेस को ‘नाच न आवे आंगन टेढ़ा’ की कहावत पर न चलते हुए अपनी नीति, नीयत और नेता को ठीक करना चाहिए। जब तक नीति ठीक नहीं होगी, नीयत साफ नहीं होगी और नेतृत्व सक्षम नहीं होगा, वह जनता के बीच अपनी पैठ नहीं बना सकती। केवल दूसरों को गाली देना कांग्रेस की मानसिकता बन गयी है। उन्होंने कहा कि मैं कांग्रेस पार्टी से निवेदन करता हूं कि देश में झूठ, फरेब और भ्रम की राजनीति बंद करे
